सिविल अस्पताल के बच्चा वार्ड से नवजात बच्चे की किडनैपिंग के केस में पकड़ी गई साजिशकर्ता दविंदर कौर उर्फ अमन से इतवार को पुलिस ने लंबी पूछताछ की। पुलिस ने बच्चे का 4 लाख में सौदा तय करने वाली 50 साल की पठानकोट की रहने वाले रेखा को तलब कर लंबी पूछताछ की। रेखा ने कहा कि वह लुधियाना में किराये के घर में रहती है और एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है।
कुछ समय पहले उसकी मुलाकात लुधियाना की एग डोनर मेघा से हुई थी। मेघा और दविंदर दोनों एग अरेंज करने का काम करती हैं। मेघा ने उसे कहा था कि दविंदर कौर के पास काफी ऐसी महिलाएं हैं जो एग डोनर हैं। रेखा ने कहा कि उनकी एक परिचित फैमिली में एक बेटी है और उनकी इच्छा थी कि एक बेटा गोद ले लें। इसलिए रेखा ने मेघा से बात की तो उसने दविंदर का नंबर दिया था। दविंदर कौर किसी का बच्चा अगवा कर देगी, इसकी जानकारी नहीं थी।
चार लाख के अलावा दविंदर उर्फ अमन ने अलग से मांगा था इनाम
दविंदर ने रेखा से कहा कि वह एक गरीब फैमिली को जानती है। उनके पहले से बच्चे हैं। इसलिए उन्हें बच्चा देने में दिक्कत नहीं। दविंदर ने 4 लाख और इनाम की बात कही थी। रेखा ने कहा कि वीरवार शाम को दविंदर ने फोन पर कहा कि बच्चा उसके पास है। उसने बच्चे की मां का आधार कार्ड मांगा ताकि गोद लेने की लीगल कार्यवाही की जा सके।
दविंदर ने अपना आधार कार्ड भेज दिया। दूसरी बार कहा तो दविंदर बोली- थोड़ी देर में भेज देती हूं। देर शाम दविंदर ने रेखा को फाेन कर बताया कि बच्चा किडनैप किया हुआ है। यह सुनकर वह घबरा गईं और मोबाइल बंद कर दिया। मीडिया से उसे पता चला कि दविंदर कौर पकड़ी गई है।
दविंदर और पठानकोट की रेखा के बीच बात की काॅल डिटेल निकलवाएगी पुलिस
पुलिस दविंदर कौर और रेखा के बीच दो दिन हुई बातचीत की डिटेल निकलवा रही है। रेखा की कहानी की हकीकत पता लगाई जाएगी। रेखा ने गोद लेने वाली फैमिली का नाम नहीं बताया है। उसका कहना है कि मैंने अभी उनके साथ सीधी बात नहीं की थी। उधर, एसीपी हरसिमरत सिंह इससे इंकार किया कि रेखा से पूछताछ की है। एसीपी ने सिर्फ इतना माना कि रेखा को जांच के दायरे में लाए हैं।
उससे जल्द पूछताछ की जाएगी। बता दें कि वीरवार दोपहर को सिविल अस्पताल के बच्चा वार्ड से कबीर विहार की रहने वाले महिला खुशबू का एक दिन का बच्चा किडनैप हो गया था। पुलिस ने 36 घंटे में मामला ट्रेस कर नकोदर से बच्चा बरामद कर पांच आरोपी पकड़े थे। दविंदर कौर, रंजीत सिंह राणा, गुरप्रीत सिंह गोपी, गुरप्रीत पीता और सफाई सेवक किरन से पूछताछ की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jdzy37
0 Comments