शहर से शनिवार को कचरा नहीं उठा। इससे शहर की सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहे। ड्राइवर यूनियन का आरोप है कि लंबित मांगों को लेकर नगर निगम लिखित में फैसला कर चुका है, इसके बावजूद मांगों को लागू नहीं किया गया। इसीलिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
निगम के अधिकारी डॉ. बीआर अंबेडकर प्रशासकीय कांप्लेक्स में स्थित संगठन के ऑफिस के बाहर मीटिंग में यूनियन को मनाने की कोशिश करते रहे। दरअसल, शहर में तमाम डंप आज खाली नहीं किए जा सके। प्रताप बाग, जीटी रोड, महिला पॉलिटेक्निक के सामने लाडोवली रोड पर, टीवी सेंटर के सामने, आदर्श नगर सहित नकोदर रोड और अर्बन स्टेट में सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लगे रहे।
सफाई कर्मचारियों ने घरों से उठाकर जो कूड़ा डंप पर रखा, वह सारा दिन सड़क किनारे जमा रहा है। ड्राइवर यूनियन के नेताओं अरुण कल्याण, अश्वनी शारदा, श्यामलाल और साथियों ने कहा कि निगम द्वारा लंबित मांगे न मानने के कारण आंदोलन पर उतरना पड़ा।
नगर निगम के स्टाफ की सबसे बड़ी समस्या पुरानी मशीनरी है। निगम के ट्रक पूरी तरह से खराब हो चुके हैं। जबकि कूड़ा उठाकर लोड करने वाली मशीनरी भी कम है। निगम का स्टाफ दोपहर 2:00 बजे तक सफाई में लगा रहता है। क्योंकि मशीनरी कम है और कूड़ा ज्यादा। केंद्र सरकार से नई मशीनरी लाने के लिए डीपीआर बनाई गई थी। मगर यह योजना पूरी नहीं हो सकी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ECzbjO
0 Comments