Featured Posts

रेल मंत्री से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के दौरे बढ़ाने और ज्यादा स्टॉपेज देने की मांग करेंगे : सांसद तिवारी

आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि लोकसभा क्षेत्रों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के दौरे बढ़ाने और यात्रा के दौरान आते अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी गाड़ियों का स्टॉपेज दिए जाने की वह रेल मंत्री पियूष गोयल से मांग करेंगे। यह बात उन्होंने वह प्रवासी मजदूरों की गृह राज्यों में वापसी को लेकर कांग्रेस पार्टी की जिला स्तरीय को ऑर्डिनेशन कमेटी की रोपड़ व मोहाली के डिप्टी कमिश्नरों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की मीटिंग के दौरान कही।

मीटिंग में कमेटी के सदस्यों, उद्योगों व पार्टी के नुमाइंदों के अलावा, प्रदेश कांग्रेस से को ऑर्डिनेटर कैप्टन संदीप संधू, जिला रोपड़ के डीसी सोनाली गिरि, मोहाली के डीसी गिरीश दयालन व अन्य अधिकारी शामिल थे। सांसद तिवारी ने कहा कि आज शाम को रेल मंत्री पियूष गोयल से होने वाली चर्चा में वह अन्य मुद्दों समेत आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों की संख्या अधिक से अधिक बढ़ाने और रेलवे अधिकारियों के जिला प्रशासन के साथ तालमेल को मजबूत करने की मांग करेंगे।

इसी तरह वह यात्रा के दौरान ट्रेन के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी स्टॉपेज देने पर जोर देंगे ताकि यात्रियों की संख्या कम होने पर खाली सीटों पर संबंधित क्षेत्र के प्रवासियों को बिठाया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देशों पर प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ द्वारा प्रवासी मजदूरों को सुरक्षित घर भेजने के लिए इन कमेटियों का गठन किया गया है और राज्य व केन्द्र सरकारों के साथ कोआर्डिनेट करके प्रवासियों की समस्याओं को हल किया जाएगा। इससे पहले डीसी मोहाली गिरिश दयालन ने ट्रेनों की संख्या में कमी व रेलवे से तालमेल की शिकायत की।

डीसी मोहाली ने खुलासा किया कि जिले से करीब एक लाख प्रवासियों द्वारा रजिस्टर किया गया है। इनके लिए अब तक 5 ट्रेन चलाई जा चुकी हैं। हालांकि पंजाब सरकार के प्रयासों से उद्योग दोबारा चलने के कारण कई प्रवासियों ने वापस जाने से इंकार कर दिया है।इसी तरह डीसी रोपड़ सोनाली गिरि ने भी प्रवासियों को गृह राज्यों में सुरक्षित वापिस भेजने की वचनबद्धता जाहिर की। कैप्टन संधू ने कहा कि रेलवे को ट्रेन में खाली सीटों पर रास्ते में आते अन्य स्टेशनों के यात्रियों को भी बिठाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक प्रवासियों को राहत मिले।

इस मीटिंग में पूर्व मंत्री जगमोहन सिंह कंग, मोहाली कांग्रेस के अध्यक्ष दीपइंद्र सिंह ढिल्लों, पंजाब युवा कांग्रेस अध्यक्ष बरिन्दर सिंह ढिल्लों, पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवल्पमेंट बोर्ड के चेयरमैन पवन दीवान, मोहाली योजना बोर्ड के चेयरमैन विजय शर्मा टिंकू, इंफोटेक के सीनियर वाइस चेयरमैन यादविंदर सिंह कंग, माेहाली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कंवरबीर सिंह सिद्धू, पुष्पिन्द्र शर्मा, सुखदेव सिंह, उद्योगपति देवी दयाल गर्ग, अनुराग अग्रवाल, संजीव गर्ग, एसडीएम रोपड़ हरजोत कौर, एसडीएम चमकौर साहिब मनकंवल सिंह, एसडीएम नंगल हरप्रीत अटवाल, एसडीएम आनंदपुर साहिब कन्नू गर्ग, अमन स्लैच आदि उपस्थित थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2LpFLdm

Post a Comment

0 Comments