ट्रेनों से अपने घरों को भेजे जा रहे श्रमिकों के बीच में बांटी जा रही प्रचार सामग्री में भी कांग्रेस की गुटबाजी साफ झलक रही है। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू के पेंफलेंट में जहां बॉडी मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा गायब हैं, वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान प्रधान केके मल्होत्रा के पंफ्लेट में मेयर की फोटो गायब है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के अपने ही शहर में कांग्रेस की अॉन रिकार्ड धड़ेबंदी पर विरोधी और दूसरे दलों के लोग मजे ले रहे हैं। उनका कहना है जो पार्टी ही एकजुट नहीं हैं उसकी सरकार का तो भगवान ही मालिक है।
जब से श्रमिकों को घर पहुंचाने के लिए ट्रेन सेवा शुरू हुई तभी से कांग्रेस क्रेडिट लेने में जुटी
जब से श्रमिकों को उनके घर पहुंचाने के लिए ट्रेन सेवा शुरू हुई है तभी से कांग्रेस क्रेडिट लेने में जुटी हुई है। 2 दिन से कांग्रेस के नेता रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर श्रमिकों को सीऑफ करने भी अलग अलग गुटों में जा रहे हैं। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू अपने कुछ शहरी कौंसलरों के साथ स्टेशन पर पहुंच रहे हैं तो वहीं जिला कांग्रेस के निवर्तमान प्रधान केके मल्होत्रा सीनियर कांग्रेसी नेता और पीआरटीसी के चेयरमैन केके शर्मा, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन संत बांगा के साथ में हाजिरी लगा रहे हैं।
दोनों ही धड़ों की तरफ से कांग्रेस का प्रचार करने के लिए पंफ्लेट बनाए गए हैं। पंफ्लेट में मैटर तो कमोवेश एक सामान ही है, लेकिन उसमें लगी फोटो अलग-अलग है। मेयर के पंफ्लेट में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, सांसद परनीत कौर, कांग्रेसी प्रभारी आशा कुमारी और पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ के साथ नीचे उनकी अपनी फोटो लगी है, वहीं केके मल्होत्रा के पंफ्लेट में ऊपर बताए सभी सीनियर नेताओं के साथ कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा की फोटो प्रमुखता से लगाई गई है। मल्होत्रा ने अपनी फोटो नीचे लगाई है। पंफ्लेट में दावा किया गया है कि लॉकडाउन केंद्र द्वारा बिना किसी तैयार के किया गया। इसके चलते सभी वर्ग के लोग प्रभावित हो रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस गंभीर संकट में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को श्रमिकों का किराया, भोजन आदि का प्रबंध खुद करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कमेटी भंग- फिर भी मल्होत्रा खुद को बता रहे प्रधान
चार महीने पहले पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से अपनी सभी जिला, ब्लॉक समेत सभी कार्यकारिणियां भंग करने के अादेश के बावजूद पटियाला में जिला कार्यकारिणी कायम है। यहां तक कि निवर्तमान प्रधान केके मल्होत्रा अाज भी खुद को जिला प्रधान ही लिख रहे हैं। उनकी तरफ से रेलवे स्टेशन पर श्रमिकों को बांटे गए पेंफलेट्स में उन्होंने खुद को जिला प्रधान बताया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WrqEq2
0 Comments