Featured Posts

एक दिन में 7 और पॉजिटिव; 1, 6, 8 और 9 साल के बच्चे संक्रमित

(प्रभमीत सिंह)शहर में पहली बार 1 साल का बच्चा भी कोरोनावायरस पाॅजिटिव पाया गया है। इसके बाद सेहत विभाग के लिए नई चुनौती खड़ी हो गई है। शुक्रवार को अमृतसर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक 6 अन्य के काेराेना पाॅजिटिव हाेने की पुष्टि हुई है। सभी मरीज पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में थे और उनके क्लोज कांटेक्ट में थे। दूसरी तरफ शुक्रवार को सेहत विभाग की तरफ से नाॅर्थ हलके में आधे से अधिक क्षेत्र कोरोना हॉटस्पॉट घोषित कर दिए गए हैं। आईडीएसपी विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पुरानी सब्जी मंडी की रहने वाली कविता महाजन के परिवार के सदस्य वासु महाजन (24), राजा गार्डन के रहने वाले जसबीर सिंह की माता अजीत कौर (60), बेटी तरणवीर कौर (8) और भतीजे अंशवीर सिंह (1), बस्ती दानिशमंदा के जीत लाल का पोता मनमीत (9), पाेती उमका (7) और लाल बाजार के विश्व के संपर्क में आने वाला नीलामहल का सोनू (24) को कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है।

एक साल के बच्चे को चाचा से संक्रमण हुआ

एक साल के बच्चे को अपने चाचा जसबीर से संक्रमण हुआ है। जिले में अब कोरोनावायरस की मरीजों की संख्या 38 पहुंच गई है। वहीं, देर शाम तक सेहत विभाग के फील्ड स्टाफ की तरफ से नीलामहल और उसके साथ सटे एरिया को भी सील कर दिया गया है। सेहत विभाग की तरफ से सोनू के परिवार और परिवार के संपर्क में आने वाले लोगों को ट्रेस कर रहा है। इंग्लैंड में रह रहे लांबड़ा के मनदीप की काेराेना से मौत लांबड़ा के गांव चिट्टी के रहने वाले एक व्यक्ति की कोरोना वायरस के चलते इंग्लैंड में मौत हो गई। मृतक की पहचान मनदीप सिंह के रूप में हुई है। मनदीप कई साल पहले परिवार समेत इंग्लैंड गए थे। इंग्लैंड के लेस्टर में वह रहते थे। लेस्टर के निजी अस्पताल में मनदीप ने दम तोड़ दिया।

बच्चों केमन की बात

  • यह बात उन सभी पिता के नाम, जो अभी भी बेपरवाह तरीके से बाहर घूम रहे हैं

प्यारे पापा, मैं तो एक साल का हूं। मुझे कोरोना महामारी के बारे में कुछ पता ही नहीं। मेरी दुनिया तो मम्मी की गोद और आपके कंधे तक ही सिमटी थी। फिर भी मुझे कोरोना संक्रमण हो गया। अब आप क्यों परेशान हैं? सरकार ने कितना समझाया कि आप घर से बाहर मत जाओ, हर दो घंटे मेंहाथ साबुन से धुलो, लेकिन आपने इन सब हिदायतों पर अमल नहीं किया और गैर जिम्मेदार तरीके से बाहर घूमते रहे।

घर में आने के बाद भी आपने बिना सैनिटाइज हुए मुझे गोद में भर लिया। अब चूंकि मेरा टेस्ट पॉजिटिव आया है तो आप क्यों रो रहे हैं? पापा मैं बस यही कहना चाहता हूं आपने ये क्या कर दिया? उल्लेखनीय है कि जालंधर में 1, 6, 8 और 9 वर्षीय पांच बच्चे भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इन पांचों के पिता और परिजन भी बेपरवाह तरीके से बाहर घूमते रहे और संक्रमितों के संपर्क में आए थे।

कोरोना अपडेट

सैंपल 779
निगेटिव 573
पॉजिटिव 38
रिपोर्ट बाकी 153
मौत 02

इमरजेंसी से पर्ची कटवाकर आइसोलेशन वार्ड में करवाएंगे स्क्रीनिंग

शुक्रवार दोपहर तक कोरोनावायरस के मरीजों की स्क्रीनिंग पहले सिविल के ट्राॅमा वार्ड में की जाती थी लेकिन अब सिविल अस्पताल के नए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. हरिंदर पाल सिंह ने शुक्रवार को पद संभालते ही सिविल अस्पताल में चल रहे गुरु रामदास लंगर हाल को कोरोनावायरस का आइसोलेशन वार्ड बना दिया है ताकि मरीजों में आपस में सोशल डिस्टेंसिंग बनी रही। अब इमरजेंसी से मरीज पर्ची कटवाकर आइसोलेशन वार्ड में स्क्रीनिंग करवाएंगे। सिविल अस्पताल में सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा जा रहा है।

एक साल के बच्चे से लेकर 70 साल के बुजुर्ग तक चपेट में

पॉजिटिव मरीजों में 1 साल से लेकर 10 साल के 4 बच्चे हैं। 17 से लेकर 25 साल तक के 7 युवा भी शामिल हैं। दो युवा ठीक होकर घर लाैट चुके हैं। वहीं, बाकी बच्चों का इलाज चल रहा है। यहां चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से सीधे तौर पर किसी भी बच्चे और युवा को सीधे तौर पर संक्रमण नहीं हुआ है। सबसे पहले इनके परिवार के किसी बड़े सदस्यों को कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इसके बाद घर के बाकी सदस्य भी कोरोनावायरस की चपेट में आए हैं। शहरवासियों को इन आंकड़ाें को देख सबक लेना होगा।

30 फीसदी मरीजों के सोर्स का पता नहीं चल पा रहा

शहर में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या में पिछले 9 दिनों में 4 गुणा मरीजों की गिनती में इजाफा हुआ है। सेहत विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 70 फीसदी मरीज पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने से ही बढ़े हैं। बाकी 30 फीसदी मरीजों के सोर्स पता नहीं चल पा रहा है। इन 30 मरीजों में से शहर के घनी आबादी और बस्तियात क्षेत्र के 27 मरीज हैं जबकि 3 मरीज देहात के हैं। मरीजों की बढ़ी गिनती का असर सीधा सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की तरफ से की जा रही संदिग्ध मरीजों की सैंपलिंग पर पड़ा है। डॉक्टरों ने पिछले 9 दिन में 500 से अधिक मरीजों के सैंपल लेकर अमृतसर भेजे हैं।

नेता दीपक, कविता महाजन जसबीर व जीत लाल के संपर्क में आए 14 पॉजिटिव

दीपक शर्मा के संपर्क में आने से माता शकुंतला, बेटा ध्रूव, आगे सरगीत कपूर, विश्व के संपर्क में आने वाला नीलामहल का सोनू चपेट में आए। कविता महाजन के भी संपर्क में आने वाली नीरू उससे आगे उसका बेटा वासु पॉजिटिव आया है। राजा गार्डन के जसबीर सिंह के संपर्क में आने के बाद बहन अमरजीत कौर, बेटी तरणवीर कौर और भतीजा अंशवीर, दानिशमंदा के रहने वाले जीतलाल का पाेती (8) और पाेता (8) को कोरोना की पुष्टि हुई है। दीपक और कविता महाजन के संपर्क में आने वाले लोगों की चेन बढ़ रही है। 48 घंटे में दीपक शर्मा, कविता महाजन और जसबीर सिंह के संपर्क में आने वाले 12 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

बस्ती शेख के अवतार से राशन लेने वाले 103 परिवार किए क्वारेंटाइन

जाने-अनजाने में काेराेना पाॅजिटिव डिलीवरी ब्वाॅय किराना की बजाय काेराेना की हाेम डिलीवरी कर रहे हैं। बस्ती शेख में करियाना दुकानदार अवतार सिंह के काेराेना पाॅजिटिव पाए जाने के बाद उनसे राशन लेने वाले 103 परिवाराें काे हाेम क्वारेंटाइन किया गया है। एसडीएम-2 राहुल ने लाेगाें से अपील की है कि जिन लाेगाें ने अवतार सिंह से सामान लिया है, वे खुद ही क्वारेंटाइन हो जाएं। उन्हाेंने कहा कि हम लगातार यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि कितने लोगों ने काेराेना पाॅजिटिव से सामान लिया। जिन लाेगोंकी जानकारी नहीं मिल रही वे अपनी और दूसराें की सुरक्षा के लिए हाेम क्वारेंटाइन हो जाएं। अगर काेराेना के लक्षण नजर आते हैं ताे बिना विलंब सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच करवाएं।

कोरोना से शहर के दो लोगों की मौत

काेराेना से शहर के दो लाेगाें की मौत हो चुकी है। 14 लाख से अधिक लोगों ने खुद को घरों में कैद कर लिया है। इसके बावजूद अब यह गारंटी नहीं कि सभी सुरक्षित हैं। कर्फ्यू के दौरान अवतार सिंह जरूरी सामान की होम डिलीवरी कर रहे थे। उनकी पॉजिटिव रिपाेर्ट के बाद एसडीएम की ओर से पूरे इलाके को सील करा दिया गया है। दीपक शर्मा के साथ राशन बांटने वाले 4 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ चुकी है। अब सेहत विभाग का फील्ड स्टाफ उन लाेगाें काे ढूंढ रहा है जो दीपक शर्मा और अवतार सिंह के संपर्क में आए। बस्ती शेख में भी स्क्रीनिंग की जा रही है।

16 इलाके हॉटस्पॉट, रेलवे, कूल रोड पर नजर

जिले में काेराेना के मरीजों की संख्या 38 होने के बाद जिले को रेड जोन घोषित हुआथा। अब सेहत विभाग ने भी शहर के भैरों बाजार से सटे मिट्ठा बाजार, किला मोहल्ला, अटारी बाजार, रैणक बाजार, माई हीरां गेट, पुरानी सब्जी मंडी, विक्रपुरा, चरणजीत, टैगोर नगर, मकसूदां और निजात्म नगर के आसपास के एरिया के साथ बस्ती दानिशमंदा, एसबीएस नगर और एसएएस नगर, और नारायण नगर और गांव विरकां को कोरोना हॉटस्पॉट घोषित किया है। कोविड-19 के चलते कूल रोड, सेंट्रल टाउन और रेलवे रोड को सेहत विभाग ने अपनी निगरानी में रखा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
7 more positive in one day; 1, 6, 8 and 9 year olds infected


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eq5H5T

Post a Comment

0 Comments