वैशाली जिले में मिला पहला कोराना मरीज की पटना एम्स में शुक्रवार को मौत हो गई। पॉजिटिव पाए गए मरीज राघोपुर पूर्वी गांव के वार्ड 14 का था। उसे इलाज के लिए परिजनों द्वारा पटना एवं समस्तीपुर में कई जगहों पर ले जाने के कारण सामुदायिक संक्रमण की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले को अलर्ट कर दिया है। डीएम ने पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरतने, लॉकडाउन का अक्षरश: अनुपालन किए जाने अपील की है।
चार दिन पहले एम्स में भर्ती हुआ था मरीज
एक महीने से युवक के सिर में तेज दर्द की शिकायत थी। उसका स्थानीय स्तर पर इलाज किया जा रहा था। स्थिति बिगड़ती चली जाने पर उसे 23 मार्च को खुसरूपुर सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया । वहां तीन-चार दिन इलाज चला। सुधार नहीं होने पर खेमनीचक स्थित पॉपुलर हॉस्पिटल में 03 अप्रैल को भर्ती कराया गया । पॉपुलर हॉस्पिटल ने 05 को न्यू बंगाली टोला मीठापुर बस स्टैंड के समीप सोना डायग्नोस्टिक में तथा 6 अप्रैल को डॉक्टर्स कॉलोनी राजेंद्र नगर पुल के पास मैक्सानाइज डायग्नोस्टिक में जांच कराई गई थी। जांच के आधार पर मरीज को ब्रेन ट्यूमर साबित कर उसे डिस्चार्ज कर दिया था। परिजन मरीज को लेकर घर आ गए । मर्ज बढ़ने पर 14 को पटना एम्स ले जाकर भर्ती कराया था। एम्स में नए सिरे जांच हुई थी। लिए गए सेंपल की जांच में मरीज को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था । भर्ती मरीज युवक का एम्स में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
सामुदायिक संक्रमण से प्रशासन ने किया अलर्ट
पुलिस एवं प्रशासनिक अफसरों के साथ स्वास्थ्य विभाग की क्विक रिस्पांस टीम ने मरीज के संपर्क में आने वाले लोगों की पूरी हिस्ट्री पता कर तत्काल कदम उठाया। मरीज के साथ परिजन समेत 53 लोगों की चेन बन गई थी। मृतक कोरोना संक्रमित होने से अंजान 8 परिजन के अलावा रिश्तेदार समेत 45 लोग संपर्क में आ गए। जांच व पूछताछ में मरीज की पत्नी, सहोदर भाई, बहन, चचेरे भाई, पत्नी, दो बेटे, दोनों बेटियां इसके अलावा रिश्तेदार, पट्टीदार, उनके बच्चे-बच्चियां, इलाज के लिए ले जाने वाले ग्रामीण चिकित्सक, नाविक कुल 53 लोगों को चिन्हित किया गया है। सभी 53 लोगों को पुलिस टीम ने अपने कब्जे में लेकर क्वारेंटाइन व जांच के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया था। हालांकि मरीज ज्यादा समय बिताने वाले 8 परिजनों का सेंपल लेकर मेडिकल टेस्ट कराया गया है। सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। सूत्रों के अनुसार पॉजिटिन मरीज के संपर्क में आकर संक्रमित होने वाले लोगों में कुछ दिनों बाद भी लक्षण प्रकट हो सकता है।
राघोपुर पूर्वी में भय व दहशत का माहौल, प्रशासन ने लोगों से की घर में ही रहने की अपील की
राघोपुर|राघोपुर प्रखण्ड के राघोपुर पूर्वी गांव में कोरोना पॉजेटिव 35 वर्षीय युवक के पाए जाने एव शुक्रवार को युवक की पटना एम्स में मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वही शुक्रवार को प्रशासन द्वारा घोषित 3 किमी एरिया कंटेन्मेंट जोन को पूरी तरह सील कर दिया गया। हर गली एव मुख्य सड़कों पर पुलिस की पहरेदारी लगा दी गई है। लोगो के जरूरत के सामानों की होंम डिलेवरी की व्यवस्था की गई है। वही शुक्रवार को वैशाली डीडीसी विजय प्रकाश मीणा ने राघोपुर क्षेत्र का भ्रमण कर मौजूद बीडीओ एवं सीओ को सील किए गए इलाका में खाद्य सामग्री एवं दवाई की होम डिलीवरी करने का निर्देश दिया। दूसरी ओर हेल्थ विभाग की टीम सभी घरो में जाकर लोगो की जांच कर रही है।
पुलिस ने की नाकेबंदी
राघोपुर पूर्वी एव उसके तीन किमी के रेडियस में हर गली मोहल्ले में पुलिस बल की नियुक्ति कर चौकसी बढ़ा दी गई है। जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार घटनास्थल पर कैम्प कर रहे है। सील किए गए एरिया के बैरिकेडिंग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।घटनास्थल पर इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह, थाना अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद आलम, रुस्तमपुर ओपी अध्यक्ष शुभ नारायण यादव, जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष संजीत कुमार अपने पुलिस पदाधिकारी एवं बल के साथ क्षेत्र में सक्रिय हैं। सभी लोगों को घर में रहने को कहा गया है।
73 लोगों को क्वारेंटाइन के लिए भेजा गया हाजीपुर
हेल्थ टीम द्वारा चिकित्सा प्रभारी डॉ सुशीला के नेतृत्व में घर-घर जाकर आशा एवं आंगनवाड़ी सेविका के द्वारा सर्वे का काम किया जा रहा है।चिकित्सा प्रभारी डॉ सुशीला ने बताया कि सर्वे कार्य में 48 टीम को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुलिस की मदद से 10 मरीजों को जांच के लिए हाजीपुर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक 73 लोगो को कोरेण्टाइन के लिए हाजीपुर भेजा जा चुका है। वहीं राघोपुर बीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि चार दमकल की सहायता से सील किये गए इलाके को सैनेटाइज्ड का काम शुरू है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।उन्होंने बताया कि युवक के संपर्क में आये लोगो को चिन्हित कर कोरेण्टाइन के लिये भेजा जा रहा है।
घर तक होगी आवश्यक वस्तुओं की डिलीवरी
राघोपुर पूर्वी एवं पश्चिमी पंचायत पंचायत के लिए किराना दुकानदार चंदेश्वर साह मो 9507569416, मंगल साह मो 9182564308, चंद्रकांत सिंह मो 9934076889 अनिल शाह मो 9576496490 एवं मेडिकल दुकान के लिए आनंद मेडिकल जुड़ावनपुर 8804075091 जय भवानी मेडिकल फतेहपुर 8787115549, घनश्याम मेडिकल जुड़ावनपुर, एवं नेहा मेडिकल फतेहपुर को चिन्हित किया गया है। चार किराना दुकानदार एवं चार मेडिकल दुकानदार को चिन्हित किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2wOEXen
0 Comments