Featured Posts

एचसीएस ज्यूडिशियल का रिजल्ट घोषित; पंजाब की श्वेता-शिवानी टॉप-2 में, करनाल की प्रिया तीसरे स्थान पर

चंडीगढ़.हरियाणा सिविल सर्विस (ज्यूडिशियल) भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित हो गया। टॉप टेन में सात बेटियों ने जगह बनाई है। 107 पदों के लिए परीक्षा हुई थी। साक्षात्कार के लिए 1213 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन 69 ही चयन लायक स्कोर हासिल कर पाए हैं। जारी हुए रिजल्ट के अनुसार रोपड़ की श्वेता शर्मा ने टॉप किया है, जबकि दूसरे नंबर पर लुधियानाकी शिवानी गर्ग रही हैं। तीसरे नंबर पर करनाल की प्रिया गुप्ता रही हैं। श्वेता ने 619.75 तो शिवानी ने 619.63 स्कोर हासिल किया। जबकि प्रिया 618.00 स्कोर हासिल करने में सफल रहीं। खास बात यह भी है कि 600 से ज्यादा स्कोर बनाने वाली ये तीनों बेटियां ही हैं। एससी वर्ग में 533.88 स्कोर के साथ दिवांशी जनमेजा ने टॉप किया तो बीसी-ए में 530 स्कोर के साथ विकास शर्मा और बीसी-बी में तबस्सुम खान ने 534 स्कोर के साथ अपने वर्ग में टॉप किया है। सामान्य वर्ग में 38 का तो एससी कैटेगरी में छह लोगों का चयन हुआ है।

जस्टिस सीकरी ने किया प्रेरित: श्वेता

श्वेता शर्मा ने कहा- 2017 में डिग्री पूरी की। करियर के बारे में काफी सोचा। कॉर्पोरेट मे जाना नहीं था इसलिए सोचा कि जज बनना ही ठीक है क्योंकि मुझे जस्टिस सीकरी ने काफी प्रभावित किया। परिवार में कई भी लीगल बैकग्राउंड से नहीं था। इसलिए डिग्री के बाद तैयार शुरू कर दी। नींव मजबूत की यूआईएलएस ने। मुझे उम्मीद थी क्लीयर कर लूंगी लेकिन टाॅपर बनने का सोचा भी नहीं था। यह सब माता-पिता अौर ईश्वर के आशीर्वाद से संभव हो पाया है।

वकील पिता चाहते थे मैं जज बनूं: प्रिया

प्रिया गुप्ता बोलीं-मेरे पिता राजिंदर गुप्ता वकील हैं। उन्होंने मुझे हमेशा इंस्पायर किया। वे हमेशा से चाहते थे कि मैं जज बनूं। 2018 में मैंने यूआईएलएस से डिग्री की और फिर पीयू से एलएलएम। इससे पहले भी मैं एग्जाम क्लीयर कर चुकी हूं। राजस्थान ज्यूडिशियरी में 7वां रैंक था। अब एचसीएस में थर्ड रैंक मिला है। मेरे पेरेंट्स ने कभी ये नहीं कहा कि तुम नहीं कर सकाेगी। उन्होंने हमेशा प्रोत्साहित किया इसलिए ये संभव हुआ।

किस वर्ग के कितने अभ्यर्थियों का हुआ चयन

चयन वर्ग
38 सामान्य
6 एससी
8 बीसी-ए
13 बीसी-बी
4 अन्य

विवादों में रही है परीक्षा

एचसीएस न्यायिक शाखा की परीक्षा विवादों में भी रही है। परीक्षा में पेपर लीक होने का मामला आने के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने परीक्षा को ही रद्द किया था। एफआईआर भी दर्ज हुई थी। मामला अभी अदालत में है। भर्ती की दोबारा प्रक्रिया शुरू की गई थी। 2018 में दोबारा इसके लिए विज्ञापन जारी हुआ था।

भर्ती रद्द होने के बाद 2018 में दोबारा जारी हुआ था विज्ञापन
एचपीएससी की ओर से 2017 में 107 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। विवाद की वजह से इसे रद्द किया गया और फिर 2018 में दोबारा विज्ञापन जारी कर आवेदन मांगे गए। इस प्रक्रिया में पास होकर 1213 अभ्यर्थी साक्षात्कार तक पहुंचे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रिया गुप्ता- श्वेता शर्मा (दाएं)।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2v89sKN

Post a Comment

0 Comments