Featured Posts

पंजाब के खिलाड़ियों को भी मिलेगी दिल्ली व हरियाणा जैसी इनामी राशि

चंडीगढ़.पंजाब में खिलाड़ियों को इनाम जीतने पर दूसरे राज्यों की ही तरह इनाम राशि देने के बारे में सूबा सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर विभाग की ओर से एक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी तय करेगी कि खिलाड़ियों को पाॅलिसी में संशोधन के बाद क्या इनाम राशि दी जाए। इसके बाद पंजाब सरकार भी अपनी पालिसी में संशोधन कर पंजाब के खिलाड़ियों के लिए भी इनाम राशि एवं सहूलियतों को तय किया जाएगा।


हरियाणा में गोल्ड जीतने पर अभी 6 करोड़ की इनामी राशि सरकार की ओर से दी जाती है। लेकिन पंजाब में केवल 1 करोड़ रुपए ही खिलाड़ियों को मिलता है। विभाग नहीं चाहता है कि दूसरे राज्यों की अपेक्षा कम इनाम राशि होने की वजह से खिलाड़ियों का मनोबल टूटे या फिर खिलाड़ी दूसरे राज्यों से खेलें।

विभाग अपनी पाॅलिसी में इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखेगी कि खिलाड़ियों को नेशनल, इंटरनेशल एवं ओलिंपिक खेलों में मेडल जीतने पर बढ़िया इनामी राशि दी जाएगी। इसको लेकर विभाग अपनी मौजूदा पाॅलिसी में संशोधन करने जा रहा है।

तय इनामी राशि मिलने से खिलाड़ियों का बढ़ेगा मनोबल
खिलाड़ियों को एक तय इनामी राशि मिलने का सबसे ज्यादा फायदा यह होगा कि इनाम जीतने के बाद खिलाड़ियों को सूबे के नाम रोशन करने के बाद भी सम्मान पाने के लिए किसी राजनेता के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों को बिना किसी सिफारिश के इनामी राशि मिल जाएगी। इससे खिलाड़ी अपना समय अपने खेल को दे पाएंगे।

सम्मान न मिलने पर दूसरे राज्यों से खेलने लगे थे

पंजाब के कई खिलाड़ी अपने सूबे से नहीं खेल कर दूसरे राज्यों से खेलने लगे थे। इससे गेम्स में इनाम जीतने के बाद इन दूसरे राज्यों का डंका बजता था। जबकि खिलाडी पंजाब के होते थे। ऐसे में हाल ही में एक खिलाड़ी के पड़ोसी राज्य हरियाणा से खेलने का मामला भी सामने आया था।

इसके बाद खेल विभाग हरियाणा और दिल्ली की स्पोर्ट्स पाॅलिसी का अध्ययन किया ताकि सूबे के खिलाड़ियों को भी वही सम्मान मिले जो दूसरे राज्यों में मिलता है। मौजूदा पाॅलिसी में संशोधन से सूबे से खेलने वाले खिलाड़ियों को इनामी राशि एवं नौकरी दिए जाने का प्रबंध किया जाएगा।

ज्यादा मेडल जीतने के लिए गेम्स पॉलिसी में संशोधन की थी जरूरत : परगट

पूर्व ओलंपियन एवं विधायक परगट सिंह ने कहा कि वैसे तो सरकार समय-समय पर अपनी पाॅलिसी में संशोधित करती आ रही है। यह हमारी मांग भी है और सरकार को कहा भी है कि खिलाड़ियों के इनाम एवं नौकरी के अवसरों को बढ़ाने के साथ मिलने वाली सहूलियतों को भी बढ़ाया जाए। ताकि पंजाब गेम्स में ज्यादा से ज्यादा मेडल लेकर आए। सूबे का गेम्स में नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए यह बहुत जरूरी है। इससे खिलाड़ियों का मनोबल और मजबूत होगा। इसके अलावा खिलाड़ी उत्साह के साथ खेल पाएंगे।

कमेटी लेगी इनामी राशि पर फैसला

खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि खेल विभाग सूबे का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली इनामी राशि को लेकर पाॅलिसी में संशोधन करने वाली है। दूसरे राज्यों की बेहतर पाॅलिसी का अध्ययन करने के लिए एक कमेटी गठित की गई है। कमेटी अंतिम फैसला करेगी कि इनामी राशि कितनी होनी चाहिए और अन्य सहूलियतें क्या देनी हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RinlgY

Post a Comment

0 Comments