लुधियाना. शहर के खिलाड़ियों में टैलेंट की कमी नहीं है। बस जरूरत है, उसे पहचान कर तराशने की। इनमें से एक शहर के 16 साल का गुरकीरत सिंह संधू हैं। गुरकीरत यूकेजी में थे, जब पेरेंट्स ने उन्हें टीवी से दूर रखने के लिए स्केटिंग शुरू करवाई। धीरे-धीरे स्केटिंग उसका पैशन बन गया। इससे गुरकीरत का हुनर सबके सामने आया और 6 सालों में जिला और राज्य स्तर पर कराई गई प्रतियोगिताओं में लगातार मेडल जीते और 50 से अधिक मेडल अपने नाम किए।
इसमें अधिकतर गोल्ड मेडल हैं। लगातार गोल्ड लाने वाले गुरकीरत भी गोल्डन बॉय से कम नहीं है। छह साल लगातार प्रयास के बाद पहली बार गुरकीरत ने रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफइंडिया की ओर से विशाखापटनम में करवाई गई 57वीं नेशनल जूनियर गेम्स में हिस्सा लेकर 100 मीटर रोड रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे पहले भी गुरकीरत नेशनल गेम्स में भाग ले चुका है, परंतु हर बार चौथे स्थान पर ही सिमट कर रह जाता था। वह टीम इंडिया के लिए पुणे में मई में होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेगा। अगर वह ट्रायल क्लियर कर लेता है तो कोलंबिया में वर्ल्ड चैंपियनशिप होगी, उसमें भाग लेगा। गुरकीरत के मुताबिक वह आर्मी में जाना चाहता है।
आरएसएफआई-एसजीएफआई के इवेंट में जीते मेडल
गुरकीरत की माता शरणजोत कौर ने बताया कि वह डीएवी स्कूल पक्खोवाल में टीचर है। गुरकीरत भी इसी स्कूल में 10वीं का छात्र है। वह पढ़ाई के साथ खेलों में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। चार साल की उम्र में जेएस धालीवाल के पास स्केटिंग की प्रैक्टिस करता था। मगर अब वह नगेंद्र सिंह नेगी के पास ट्रेनिंग ले रहा है। साथ ही जुगाद दीप भी पिछले डेढ़ साल से गुरकीरत को ट्रेनिंग दे रहे हैं। रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएसएफआई) और स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से होने वाले सभी इवेंट में गुरकीरत ने हिस्सा लिया और मेडल हासिल किए।
ये हैं उपलब्धियां
गुरकीरत ने एसजीएफआई की अंडर-11 की जिला स्तरीय गेम्स में पहली बार खेलते हुए गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद लगातार कई मेडल जीते। 2019 में आरएसएफआई की ओर से अक्टूबर में स्टेट स्केटिंग चैंपियनशिप करवाई गई। इसमें गुरकीरत ने 100 मी. रोड रेस में गोल्ड, 500 मी. वन लैप रोड में गोल्ड मेडल, 500 मीटर रिंक रेस में गोल्ड, 1000 मी. रिंक में गोल्ड मेडल जीता।
एसजीएफआई की ओर से दिसंबर में संगरूर में हुई स्टेट चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर 500 मीटर रोड वन लैप में गोल्ड, 3 किमी. रोड रेस में गोल्ड, 1000 मीटर रिंक रेस में गोल्ड मेडल जीता। 2018 में अमृतसर में हुई स्टेट प्रतियोगिता में 15 किलो मीटर रोड एलिमिनेशन और 10 किलो मीटर रोड पॉइंट टू पॉइंट में गोल्ड मेडल हासिल किया। जबकि इन्हीं इवेंट में डिस्ट्रिक्ट में भी गोल्ड मेडल जीता।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30xFY51
0 Comments