टोक्यो .सोमवार का दिन जापान में ऐतिहासिक परंपरा और युवाओं के नाम रहा। यहां कमिंग ऑफ एज डे मनाया गया, जिसमें 12.2 लाख से ज्यादा युवा शामिल हुए। इन युवाओं को बताया गया कि अब आपकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाएगी। अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ जीना होगा। हालांकि इन्हें शादी, लोन जैसे कामों को मर्जी से करने की छूट भी मिल गई है, क्योंकि अब ये युवा कानूनन बालिग घोषित हो गए हैं।
दरअसल, जापान में हर साल जनवरी में कमिंग ऑफ एज डे मनाया जाता है। कई सदियों से चली आ रही इस परंपरा के तहत 20 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को कानूनी रूप से वयस्क घोषित किया जाता है।
इस दिन राष्ट्रीय अवकाश होता है और सरकार कई कार्यक्रम आयोजित करती है। इन युवाओं को बताया जाता है कि आगे की जिंदगी किस तरह गुजरने वाली है या किस तरह होनी चाहिए। अब ये घर वालों की सहमति के बिना शादी करने के लिए स्वतंत्र होंगे। क्रेडिट कार्ड या लोन भी ले सकेंगे। शराब पीने, जुआ खेलने और बच्चा गोद लेने की भी छूट होगी। जापान में हाल ही में वयस्कता की आयु सीमा 20 से घटाकर 18 कर दी गई है, पर लागू 2022 से होगी। लेकिन इनमें युवाओंं को बेहद सीमित अधिकार मिलेंगे।
युवाओं ने इस दिन का जश्न परिवार और दोस्तों के साथ मनाया। ओसाका में 100 युवाओं ने देश की सबसे ऊंची 60 मंजिला इमारत की 1672 सीढ़ियां चढ़कर छत पर पार्टी की। टोक्यो में सरकार ने करीब 2200 युवाओं को डिज्नीलैंड घुमाया।
18 से ज्यादा देशों में मनाते हैं ऐसे जश्न
18 से ज्यादा देशों में अलग-अलग समय पर यह दिन मनाया जाता है। इनमें ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पोलैंड, यूके, अमेरिका, कोरिया भी हैं। इनमें वयस्कता की उम्र 18 से 21 साल है।
बालिग होने की उम्र 20 से घटाकर 18 की, पर लागू 2022 से होगी
सरकार ने नवंबर 2018 में कानून में संशोधन कर वयस्क होने की उम्र 20 से घटाकर 18 साल कर दी थी। लेकिन लागू 2022 से होगी। 1876 के बाद पहली बार इसमें बदलाव किया गया है। इसके बाद 18 साल के युवा मर्जी से शादी कर सकेंगे। वे लोन, क्रेडिट कार्ड और पासपोर्ट भी ले सकेंगे। लेकिन शराब, जुआ और बच्चे गोद लेने जैसे मुद्दों पर रोक जारी रहेगी। इनके लिए 20 साल की उम्र पूरी करने का इंतजार करना होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Tl37WI
0 Comments